IMG-20260920-WA0020

मोर्चा कार्यकर्ताओं सहित अनेक लोगों ने उत्साहपूर्वक किया रक्तदान, जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान को बताया महादान

काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से रविवार को एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय काशीपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। इस दौरान रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक सेवा का संदेश दिया। रक्तदान शिविर के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। शिविर में रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत रक्त एकत्र किया गया। इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का ऐसा कार्य है, जिसका सीधा लाभ जरूरतमंद व्यक्ति को मिलता है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन तथा गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के उपचार में समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद महत्वपूर्ण है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में लगातार अपनी भागीदारी निभाता रहा है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। पीसीयू अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राम मेहरोत्रा ने कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं बल्कि समाज के लिए किया जाने वाला महत्वपूर्ण सेवा कार्य है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति को रक्तदान के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने शिविर के आयोजन के लिए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। वक्फ बोर्ड के सदस्य हसन नूरी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता किसी मरीज और उसके परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि जाति, धर्म और समुदाय से ऊपर उठकर जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्ची मानव सेवा है। ऐसे रक्तदान शिविरों के माध्यम से लोगों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है। शिविर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़, महिला आयोग की उपाध्यक्ष सायरा बानो, वरिष्ठ भाजपा नेता गुरविंदर सिंह चंडोक, खिलेंद्र चौधरी, महिला मोर्चा की राधा चौहान, नसरीन खान, किसान मोर्चा के बाबूराम, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के इसरार अहमद, राशिद हुसैन, आरिफ, शमशाद हुसैन, मोहम्मद अहमद, आबिद, फैजान, बाबूराम, मोहम्मद इदरीश, शमीम अहमद, धर्मेंद्र कुमार सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के सेवा कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *