Screenshot_20260923_133802_WhatsApp

काशीपुर। चन्द्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं एंटी ड्रग सेल के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस दौरान छात्राओं, प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने नशे के विरुद्ध एकजुट होकर समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

छात्राओं एवं महाविद्यालय कर्मियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

कार्यक्रम के दौरान एंटी ड्रग सेल की नोडल अधिकारी डॉ. दीपा चनियाल ने उपस्थित सभी छात्राओं, प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने नशे से स्वयं दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नशे के कारण व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशे की समस्या केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका प्रभाव परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखने और उनमें जागरूकता पैदा करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

वार्ड नंबर 19 में निकाली जागरूकता रैली

नशा मुक्ति अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों द्वारा कटरामलियान वार्ड नंबर 19 में जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से क्षेत्रवासियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। स्वयंसेवियों ने लोगों से नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
रैली के दौरान स्वयंसेवियों ने लोगों को समझाया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी शिक्षा, रोजगार, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित कर सकती है। युवाओं को विशेष रूप से नशे से दूर रहने तथा सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं में जागरूकता पैदा करना नशे के खिलाफ लड़ाई का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वन्दना सिंह, डॉ. गीता मेहरा, डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. रंजना, श्रीमती प्राची धौलाखण्डी, डॉ. ज्योति गोयल, डॉ. ज्योति रावत, डॉ. पुष्पा धामा, श्रीमती कृति टण्डन, श्री विजेन्द्र कुमार सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *