Screenshot_20260925_170637_WhatsApp

कोटाबाग (नैनीताल), 25 सितंबर। राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग में शिक्षण सत्र 2026-27 के छात्रसंघ निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। शुक्रवार को महाविद्यालय परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। निर्धारित समय पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक छात्र-छात्राओं ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार छात्रसंघ के कुल छह पदों के लिए सात नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें अध्यक्ष पद के लिए एक, सचिव पद के लिए एक, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए दो, कोषाध्यक्ष पद के लिए एक, संयुक्त सचिव पद के लिए एक तथा संकाय प्रतिनिधि पद के लिए एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुरूप पूरी की गईं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. कमरुद्दीन ने कहा कि छात्रसंघ निर्वाचन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने और उसमें सक्रिय सहभागिता करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। महाविद्यालय प्रशासन निर्वाचन की प्रत्येक प्रक्रिया को निष्पक्षता, पारदर्शिता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। महाविद्यालय के जन सूचना अधिकारी डॉ. प्रवेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया निर्धारित समय में सुचारु रूप से संपन्न हुई तथा छह पदों के लिए कुल सात नामांकन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और वैध एवं अवैध नामांकन पत्रों की आधिकारिक सूची जारी की जाएगी। इसके बाद निर्वाचन की आगामी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम एवं नियमावली के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। नामांकन प्रक्रिया के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कार्मिकों के साथ पुलिस अधिकारियों, एलआईयू टीम के सदस्यों तथा तहसील प्रशासन का आवश्यक सहयोग रहा। महाविद्यालय प्रशासन ने छात्र-छात्राओं से चुनाव के आगामी चरणों में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा लोकतांत्रिक आचरण अपनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *