Screenshot_20260925_190354_WhatsApp

23 सितंबर के शासनादेश से मिली जिम्मेदारी, काशीपुर-जसपुर क्षेत्र में समर्थकों में खुशी

देहरादून/काशीपुर। ऊधमसिंहनगर जिले के ग्राम बैलजूड़ी निवासी, जसपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. यूनुस चौधरी को उत्तराखंड सरकार ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। 23 सितंबर 2026 को जारी शासनादेश के तहत उन्हें उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद का उपाध्यक्ष नामित किया गया है। नियुक्ति की जानकारी सामने आने के बाद काशीपुर-जसपुर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी का माहौल है। उत्तराखंड शासन के मंत्रिपरिषद अनुभाग की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप संख्या 14/1/1/XXI/2026 के अनुसार डॉ. यूनुस चौधरी पुत्र स्व. मो. यूसुफ चौधरी, निवासी ग्राम बैलजूड़ी, पोस्ट कुण्डा, जसपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से परिषद के उपाध्यक्ष पद पर नामित किया गया है। आदेश संयुक्त सचिव आलोक कुमार सिंह की ओर से जारी किया गया है। शासनादेश में उन्हें 25 अप्रैल 2025 के शासनादेश के अनुसार निर्धारित सुविधाएं दिए जाने का भी उल्लेख है। डॉ. यूनुस चौधरी की नियुक्ति के साथ उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। परिषद के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज के युवाओं एवं महिलाओं को कौशल विकास, प्रशिक्षण तथा रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में कार्य किए जाने की बात कही गई है। नियुक्ति के बाद डॉ. यूनुस चौधरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, काशीपुर नगर निगम महापौर दीपक बाली, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, जसपुर के पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, राज्य मंत्री विनय रोहेला तथा उत्तराखंड अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ सहित पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का आभार व्यक्त किया। डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि पार्टी और सरकार ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के युवाओं और महिलाओं को हुनर, प्रशिक्षण तथा रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। डॉ. यूनुस चौधरी को नई जिम्मेदारी मिलने पर काशीपुर-जसपुर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *