





काशीपुर। देवभूमि सहोदय इंटर स्कूल के खेल मैदान में आयोजित अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल और पायनियर्स अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। पहले मुकाबले में ग्रेट मिशन ने गुरुकुल फाउंडेशन को 143 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल की टीम ने 19.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 166 रन बनाए। टीम की ओर से शौर्य ने 39 रन, दीपांशु ने 26 और लोकेश ने 21 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल की टीम ग्रेट मिशन के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह दबाव में नजर आई और महज 9.5 ओवर में 23 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ग्रेट मिशन के गेंदबाज रिशित ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में पायनियर्स अकादमी ने स्टार्टम वर्ल्ड स्कूल को 63 रन से मात दी। पायनियर्स अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए। रिदित ने 40 रन और अभि ने 24 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। 144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार्टम वर्ल्ड स्कूल की टीम 15.1 ओवर में 80 रन पर ही सिमट गई। पायनियर्स अकादमी की ओर से रिहित और फैजान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए रिहित को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन डॉ. विनीत सिंघल तथा प्रधानाचार्य उमेश चंद्र डालाकोटी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना और शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
