October 12, 2026
IMG-20261012-WA0007

मोहल्ला किला से शाम पांच बजे होगा शुभारंभ, श्रीरामलीला मैदान में होगा समापन; वैश्य समाज की एकता, संस्कृति और सेवा का दिखेगा संगम

काशीपुर। काशीपुर में वैश्य समाज के आराध्य महाराजा अग्रसेन जी महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में 13 अक्टूबर, मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। कुमाऊं वैश्य महासभा (रजिस्टर्ड), काशीपुर के तत्वावधान में आयोजित शोभायात्रा शाम पांच बजे मोहल्ला किला से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए श्रीरामलीला मैदान में संपन्न होगी। शोभायात्रा को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए महासभा की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं शोभायात्रा में आकर्षक धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां, बैंड-बाजे, अखाड़ा प्रदर्शन, सुसज्जित घोड़े और महाराजा अग्रसेन जी का भव्य रथ मुख्य आकर्षण रहेंगे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, आरती, जलपान और प्रसाद वितरण की व्यवस्था करने की भी योजना है। आयोजन को लेकर वैश्य समाज के साथ ही नगर के सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों में उत्साह का माहौल है।

समाज को एकता और सहयोग का संदेश देते हैं महाराजा अग्रसेन के आदर्श

कुमाऊं वैश्य महासभा के संरक्षक योगेश जिंदल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के आदर्श केवल वैश्य समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका ‘एक रुपया-एक ईंट’ का सिद्धांत सामाजिक सहयोग, समानता और सामूहिक उत्तरदायित्व का संदेश देता है। अध्यक्ष एमपी गुप्ता ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी की विचारधारा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और अवसर उपलब्ध कराने की प्रेरणा देती है। नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

धार्मिक और ऐतिहासिक झांकियां बढ़ाएंगी शोभायात्रा की भव्यता

शोभायात्रा संयोजक एवं कुमाऊं वैश्य युवा महासभा के अध्यक्ष प्रियांशु बंसल ने बताया कि इस बार शोभायात्रा को विशेष रूप से भव्य, सांस्कृतिक और अनुशासित स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें हनुमान प्रसाद पोद्दार, जैन समाज, स्वतंत्रता सेनानी रासबिहारी बोस, बिश्नोई समाज की पर्यावरण संरक्षण पर आधारित झांकी, भगवान कार्तिकेय, माता लक्ष्मी और नीम करौली बाबा से संबंधित झांकियां शामिल करने की योजना है। इसके साथ ही पारंपरिक अखाड़ा प्रदर्शन, बैंड-बाजे और धार्मिक धुनें आयोजन को आकर्षक बनाएंगी। शोभायात्रा के अंत में महाराजा अग्रसेन जी महाराज का सुसज्जित रथ निकलेगा।

महिलाओं और युवाओं की सहभागिता पर विशेष जोर

महासभा की ओर से महिलाओं, युवाओं, बच्चों और वरिष्ठजनों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। महिलाओं से पारंपरिक परिधानों में शामिल होने का आग्रह किया गया है। आयोजन समिति का कहना है कि मातृशक्ति का उत्साह, युवाओं की सक्रियता और वरिष्ठजनों का आशीर्वाद शोभायात्रा को सामाजिक एकता का प्रतीक बनाएगा। महामंत्री कपिल अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज ने व्यापार, उद्योग, शिक्षा, चिकित्सा और समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। शोभायात्रा का उद्देश्य महाराजा अग्रसेन जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ समाज में भाईचारे, संगठन और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करना भी है।

व्यापारिक प्रतिष्ठानों से पुष्पवर्षा और स्वागत की अपील

शोभायात्रा मार्ग पर स्थित व्यापारिक प्रतिष्ठानों और इच्छुक दुकानदारों से संपर्क कर स्वागत की व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, पेयजल, जलपान, प्रसाद वितरण और आरती की व्यवस्थाएं प्रस्तावित हैं। महासभा ने नगर के सभी सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के साथ आम नागरिकों को भी शोभायात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

अनुशासन और यातायात व्यवस्था का रखा जाएगा ध्यान

आयोजन समिति के अनुसार शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। झांकियों का क्रम, महिलाओं और वरिष्ठजनों की सुविधा, मार्ग व्यवस्था तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो शोभायात्रा संयोजक प्रियांशु बंसल ने समाज के सभी परिवारों से अपील की कि वे इसे अपना सामूहिक उत्सव समझकर परिवार सहित भाग लें। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल भीड़ जुटाना नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, सेवा और सामाजिक एकजुटता की मिसाल पेश करना है। महासभा के अध्यक्ष एमपी गुप्ता, महामंत्री कपिल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष केसी बंसल और शोभायात्रा संयोजक प्रियांशु बंसल ने समस्त वैश्य बंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं, वरिष्ठजनों, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों और नगरवासियों से मंगलवार, 13 अक्टूबर को शाम पांच बजे मोहल्ला किला से प्रारंभ होने वाली शोभायात्रा में सपरिवार शामिल होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!