October 12, 2026
Screenshot_20261012_225720_Gallery

चीमा चौराहे का नाम महाराजा अग्रसेन चौक करने का निर्णय वापस लेने पर जताई नाराजगी

काशीपुर। कुमाऊं वैश्य सभा के संरक्षक योगेश जिंदल ने वैश्य समाज की सामाजिक और राजनीतिक स्थिति पर चिंता जताते हुए समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज ने व्यापार, समाज सेवा और परोपकार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, लेकिन आपसी बिखराव के कारण समाज की सामूहिक आवाज कमजोर पड़ रही है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर मिलने और उनके भविष्य को लेकर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ लोगों और संगठनों को युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर प्रयास करने चाहिए। योगेश जिंदल ने चीमा चौराहे का नाम महाराजा अग्रसेन चौक किए जाने के बाद निर्णय वापस लेने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से वैश्य समाज में असंतोष है शासन-प्रशासन को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और समाज की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्श समाज को सेवा, समानता और लोककल्याण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बताया कि कुमाऊं वैश्य सभा समाज को एकजुट करने, नई पीढ़ी को सामाजिक विरासत से जोड़ने और उसके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने सभी वैश्य बंधुओं से महाराजा अग्रसेन जी की शोभायात्रा सहित सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!