October 13, 2026
IMG-20261013-WA0037

केडीएफ अध्यक्ष राजीव घई बोले—स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ाना महोत्सव का मुख्य उद्देश्य

काशीपुर। ऐतिहासिक द्रोणासागर स्थित ओपन थियेटर में काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (केडीएफ) की ओर से आयोजित नवरात्र महोत्सव-2026 पूरे उत्साह के साथ जारी है। महोत्सव में जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम दर्शकों को आकर्षित कर रहे हैं, वहीं शहर की स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का बड़ा मंच भी मिल रहा है। केडीएफ अध्यक्ष राजीव घई ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वर्ष 2025 में आयोजित कार्यक्रम में शहर के बच्चों और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों को लोगों ने खूब सराहा था। इसके बाद से ही जनता और कलाकारों की ओर से लगातार मांग की जा रही थी कि काशीपुर की प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने के लिए ऐसा मंच उपलब्ध कराया जाए। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष महोत्सव की अवधि नौ दिन से बढ़ाकर दस दिन की गई है।उन्होंने बताया कि कलाकारों में कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह है। स्थिति यह है कि दस दिन का समय भी कम पड़ता दिखाई दे रहा है और प्रतिदिन के कार्यक्रमों के सभी स्लॉट पूरी तरह व्यस्त हो चुके हैं। कलाकार पिछले दो महीनों से प्रस्तुतियों की तैयारी में जुटे हुए हैं। महोत्सव में एसआर म्यूजिकल ग्रुप सहित कई प्रतिभाशाली कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। इनमें ऐसे कलाकार भी शामिल हैं, जिन्हें पहली बार इतने बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। राजीव घई ने कहा कि केडीएफ का मुख्य उद्देश्य काशीपुर की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है, ताकि ये कलाकार भविष्य में शहर का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने शहरवासियों से परिवार सहित ओपन थियेटर पहुंचकर महोत्सव का आनंद लेने और स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!