October 13, 2026
IMG-20261013-WA0059

स्थानीय प्रतिभाओं को मिल रहा बेहतरीन मंच, पिता स्वर्गीय योगेंद्र जिंदल को उद्योग रत्न सम्मान मिलना परिवार के लिए गर्व का क्षण

काशीपुर। ऐतिहासिक द्रोणासागर स्थित ओपन थिएटर में काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (केडीएफ) की ओर से आयोजित 10 दिवसीय नवरात्र महोत्सव-2026 में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम है। महोत्सव के तहत आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की जिम्मेदारी हिमगिरी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने संभाली। इस अवसर पर कंपनी के डायरेक्टर अर्पित जिंदल ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। मीडिया से बातचीत में अर्पित जिंदल ने कहा कि काशीपुर डेवलपमेंट फोरम द्वारा आयोजित नवरात्र महोत्सव इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। ऐसे आयोजन शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ ही काशीपुर और आसपास के क्षेत्रों के कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने केडीएफ की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।अर्पित जिंदल ने कहा कि महोत्सव के दौरान उनके पिता स्वर्गीय योगेंद्र जिंदल को मरणोपरांत ‘उद्योग रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया जाना उनके पूरे परिवार के लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। उन्होंने इस सम्मान के लिए केडीएफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने काशीपुर ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और देशभर में फूड प्रोसेसिंग उद्योग को आगे बढ़ाने तथा उसे व्यापक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके द्वारा स्थापित औद्योगिक व्यवस्था, कार्यशैली और दूरदर्शिता आज भी परिवार के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अर्पित जिंदल ने कहा कि पिता के योगदान को इस तरह सम्मानित किया जाना उनके कार्यों और विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक है। हिमगिरी फूड्स की उपलब्धियों और उत्पादों के बारे में जानकारी देते हुए अर्पित जिंदल ने बताया कि कंपनी फ्रोजन फूड्स, फ्रोजन वेजिटेबल्स और फ्रोजन स्नैक्स के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुकी है। कंपनी की विस्तृत उत्पाद श्रृंखला को उपभोक्ताओं का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए कंपनी अपने उत्पादों के माध्यम से बाजार में लगातार अपनी उपस्थिति मजबूत कर रही है। अंत में अर्पित जिंदल ने क्षेत्रवासियों को नवरात्र महोत्सव और महाराजा अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्योहार लोगों को एक-दूसरे से मिलने, आपसी प्रेम बढ़ाने और खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों में परिवार सहित सहभागिता करनी चाहिए, जिससे समाज में एकता और सद्भाव की भावना मजबूत हो। महोत्सव में बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। आयोजन स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!