
छोटे नीम के नीचे आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने दोनों महान नेताओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, अलका पाल बोलीं—देश की एकता और अखंडता के लिए दोनों का योगदान अविस्मरणीय
काशीपुर। काशीपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शनिवार को पुरानी सब्जी मंडी स्थित ऐतिहासिक स्थल ‘छोटे नीम के नीचे’ कार्यक्रम आयोजित कर देश की पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि तथा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भारत की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने अपने दृढ़ नेतृत्व और मजबूत इच्छाशक्ति से देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उनकी निर्णायक भूमिका के चलते बांग्लादेश का निर्माण हुआ और पाकिस्तान को पराजय का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने बैंकों के राष्ट्रीयकरण, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी विकास सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ऐतिहासिक फैसले लेकर देश की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका राजनीतिक जीवन और देश के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाता रहेगा। वहीं, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अलका पाल ने कहा कि आजादी के बाद देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर मजबूत राष्ट्र का निर्माण करना था। सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, अदम्य साहस और कुशल नेतृत्व से सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर अखंड भारत की नींव को मजबूत किया। उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा। अलका पाल ने कहा कि देश इन दोनों महान नेताओं के योगदान का सदैव ऋणी रहेगा। कांग्रेस पार्टी उनके आदर्शों और विचारधारा पर चलते हुए समाज के दबे-कुचले, शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और देश की एकता, अखंडता तथा सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अनुपम शर्मा, सुशील गुड़िया, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, हरीश कुमार सिंह, टीका सिंह सैनी, अकरम बेग,अब्दुल समद ,इकबाल अदीब, विनोद मेहरोत्रा, सुरेंद्र वाटला, जितेंद्र सरस्वती, मंसूर मंसूरी, कुलदीप सिंह ऐरी,अनिल सिंह,राशिद फारूकी, महेंद्र बेदी,शाह आलम, परम सिद्धू, सरीम सैफी, सादन इकबाल, डॉक्टर आरिफ, अक्षत मिड्ढा, नजमी अंसारी, अनीस अंसारी ,शरद पंत, इदरीस अंसारी, रियासत हुसैन, साबिर हुसैन, राकेश भगत, कलुआ महावीर, सुंदरलाल पाल, जगदीश पाल, राकेश भगत, मोहम्मद सेफ, संजय अरोड़ा, कलुआ महागीर आदि बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800

