November 1, 2026
Screenshot_20261031_222442_WhatsApp

खेलों से युवाओं को मिलती है सकारात्मक दिशा, खेल भावना के साथ आगे बढ़ें खिलाड़ी : डॉ. यूनुस चौधरी

काशीपुर। मोहल्ला अल्ली खां स्थित करबला मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री डॉ. यूनुस चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान आयोजक समिति एवं क्षेत्रवासियों ने उनका स्वागत किया। टूर्नामेंट में पहुंचकर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता जैसे गुणों का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। खेलों के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा को निखारकर क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना होती है। खिलाड़ियों को आपसी भाईचारे और अनुशासन के साथ खेलना चाहिए तथा निरंतर मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान डॉ. यूनुस चौधरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी क्षेत्रवासियों को दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास, युवाओं को आगे बढ़ाने, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील भी की। डॉ. चौधरी ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन युवाओं को एक सकारात्मक मंच प्रदान करते हैं। स्थानीय स्तर पर क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन से नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है और क्षेत्र में आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है। अंत में डॉ. यूनुस चौधरी ने अल्ली खां क्रिकेट टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए आयोजक समिति, खिलाड़ियों एवं समस्त क्षेत्रवासियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाले आयोजनों को जारी रखने की अपेक्षा जताई। उन्होंने आयोजक समिति एवं क्षेत्रवासियों के स्नेह, सम्मान और आत्मीय स्वागत के लिए सभी का धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!