November 7, 2026
Screenshot_20261107_104202_WhatsApp

कहा- भाजपा का विधायक कांग्रेस में और कांग्रेस के नेता भाजपा में शामिल हो रहे, आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतरेगी, कबड्डी खेलने नहीं

जसपुर। जसपुर विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज होने लगी है। आम आदमी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष जसपुर अवतार सिंह ने भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों पर निशाना साधते हुए उन्हें एक-दूसरे की ए और बी टीम करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जसपुर की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच कोई खास अंतर दिखाई नहीं देता। दोनों दलों के नेता एक-दूसरे की पार्टी में आते-जाते रहते हैं और जनता के सामने अलग-अलग राजनीतिक दल होने का दावा करते हैं। अवतार सिंह ने कहा कि जसपुर में भाजपा का विधायक कांग्रेस में जा रहा है और कांग्रेस के नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। ऐसे में जनता को यह समझना मुश्किल हो रहा है कि आखिर दोनों पार्टियों की विचारधारा और राजनीतिक नीतियों में कितना अंतर रह गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे की ए और बी टीम बनकर काम कर रही हैं। जनता के सामने भले ही दोनों दल एक-दूसरे का विरोध करते हों, लेकिन राजनीतिक परिस्थितियों में दोनों के बीच आपसी तालमेल दिखाई देता है।
उन्होंने आम आदमी पार्टी की भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी एक स्वतंत्र राजनीतिक दल है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव लड़ना उसका अधिकार भी है और राजनीतिक जिम्मेदारी भी। पार्टी चुनाव के समय चुनाव ही लड़ेगी, कबड्डी थोड़ी खेलेगी। उनके इस बयान को जसपुर विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की चुनावी सक्रियता और अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। अवतार सिंह ने कहा कि जनता अब केवल राजनीतिक बयानबाजी और दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से संतुष्ट होने वाली नहीं है। मतदाता ऐसे विकल्प की तलाश में हैं, जो जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दे और क्षेत्र के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बुनियादी सुविधाओं पर गंभीरता से काम करे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जसपुर विधानसभा क्षेत्र में अपनी अलग पहचान और राजनीतिक विकल्प के रूप में जनता के बीच जाएगी। पार्टी का उद्देश्य चुनाव में मजबूती से भागीदारी करना और जनता के बीच अपनी नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!