

आपसी भाईचारे, प्रेम, सौहार्द और कौमी एकता का दिया संदेश
जसपुर। विधानसभा जसपुर के ग्राम बावड़खेड़ा में उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री डॉ. यूनुस चौधरी ने दरगाह शरीफ पर पहुंचकर अकीदत के साथ हाजिरी लगाई और जियारत की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अमन-चैन की कामना की। उनके आगमन पर ग्रामीणों एवं उपस्थित लोगों ने उनका स्वागत किया। इस मुबारक मौके पर राज्य मंत्री डॉ. यूनुस चौधरी ने फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया तथा समस्त ग्रामवासियों को अपनी ओर से मुबारकबाद पेश की। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की खूबसूरती यहां की गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विविधता में निहित है। सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए मिल-जुलकर रहना चाहिए। डॉ. चौधरी ने कहा कि प्रेम, सद्भाव और आपसी विश्वास ही समाज को मजबूत बनाने का आधार हैं। समाज में शांति और एकता बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें और क्षेत्र में भाईचारे की परंपरा को और मजबूत करें। उन्होंने कहा कि कौमी एकता और सामाजिक सौहार्द हमारी साझा विरासत है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश भी देखने को मिला। अंत में डॉ. यूनुस चौधरी ने समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, तरक्की और खुशहाली की कामना की।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800

