





महाप्रबंधक अनिल लड्डा और डायरेक्टर संगीता लड्डा ने कर्मचारियों के साथ मनाया खुशियों का पर्व, आपसी सौहार्द और पारिवारिक वातावरण का दिया संदेश

काशीपुर। महुआखेड़ागंज स्थित यूनिको प्लास्ट प्राइवेट लिमिटेड में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ किया गया। इस अवसर पर कंपनी परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा 1100 दीप प्रज्ज्वलित कर रोशनी से जगमगा दिया गया। दीपों की जगमगाहट और उत्सव के खुशनुमा माहौल ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया कार्यक्रम में कंपनी के महाप्रबंधक अनिल लड्डा एवं कंपनी की डायरेक्टर संगीता लड्डा ने सभी कर्मचारियों के साथ दीपोत्सव मनाया। इस दौरान अनिल लड्डा के सुपुत्र अभिषेक लड्डा एवं उनकी पत्नी पूजा लड्डा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों ने एक साथ दीप प्रज्ज्वलित कर दीपावली की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे आयोजन का भरपूर आनंद उठाया। इस अवसर पर कंपनी की ओर से सभी कर्मचारियों को दीपावली के शुभ अवसर पर उपहार भेंट किए गए। साथ ही सभी के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था भी की गई। प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों के साथ मिलकर त्योहार मनाने की इस पहल की सभी ने सराहना की।
कंपनी के महाप्रबंधक अनिल लड्डा ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, विश्वास, सहयोग और एकता का प्रतीक भी है। यूनिको प्लास्ट प्राइवेट लिमिटेड में प्रत्येक वर्ष सभी कर्मचारियों के साथ मिलकर दीपोत्सव मनाने की परंपरा रही है। हमारा प्रयास रहता है कि कंपनी में काम करने वाले प्रत्येक कर्मचारी को परिवार का सदस्य होने का एहसास हो उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता में कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। कंपनी और कर्मचारियों के बीच मालिक और कर्मचारी का अंतर कम होना चाहिए तथा सभी को एक परिवार की तरह मिलकर काम करना चाहिए। इसी उद्देश्य से हर वर्ष दीपोत्सव का आयोजन किया जाता है, जिसमें सभी कर्मचारी एक साथ बैठकर खुशियां बांटते हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कंपनी की डायरेक्टर संगीता लड्डा ने दीपोत्सव कार्यक्रम पर सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी कंपनी की असली ताकत वहां काम करने वाले कर्मचारी होते हैं। कर्मचारियों की मेहनत, लगन, ईमानदारी और समर्पण से ही कोई संस्थान सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि त्योहार हमें एक-दूसरे के करीब आने और आपसी रिश्तों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। यूनिको प्लास्ट में हर वर्ष सभी कर्मचारियों के साथ मिलकर दीपावली मनाने का उद्देश्य यही है कि प्रत्येक कर्मचारी स्वयं को कंपनी के परिवार का अभिन्न हिस्सा महसूस करे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के चेहरों पर खुशी देखकर उन्हें भी विशेष प्रसन्नता होती है। भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे, ताकि कंपनी में सकारात्मक और पारिवारिक वातावरण बना रहे। गौरतलब है कि यूनिको प्लास्ट प्राइवेट लिमिटेड प्लास्टिक से निर्मित विभिन्न प्रकार के उत्पादों का निर्माण करती है। कंपनी ने अपने उत्पादों की गुणवत्ता और बेहतर कार्यप्रणाली के चलते बाजार में अपनी अच्छी पहचान एवं मजबूत पकड़ बनाई है। कंपनी के उत्पादों की गुणवत्ता के कारण बाजार में उनकी अच्छी मांग बनी हुई है। दीपोत्सव कार्यक्रम के माध्यम से कंपनी प्रबंधन ने यह संदेश दिया कि किसी भी संस्थान की प्रगति केवल व्यावसायिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि वहां कार्यरत कर्मचारियों के सम्मान, सहयोग और आपसी विश्वास से भी तय होती है। 1100 दीपों की रोशनी के बीच आयोजित यह कार्यक्रम कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच आत्मीयता, एकजुटता और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का यादगार अवसर बन गया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800


