





चंद्रावती तिवारी कन्या महाविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विशेषज्ञ ने छात्राओं को दी कैंसर के लक्षण, उपचार और बचाव की जानकारी
काशीपुर। चंद्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर की एंटी ड्रग्स सेल की ओर से नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना और उन्हें इसके शुरुआती लक्षणों, समय पर जांच तथा उपचार के महत्व की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उजाला हॉस्पिटल, काशीपुर के कैंसर विशेषज्ञ डॉ. शलभ अरोरा ने किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को कैंसर के विभिन्न प्रकारों, उनके संभावित लक्षणों, बीमारी के कारणों, समय पर पहचान और उपलब्ध उपचार के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैंसर के प्रति जागरूकता और समय रहते चिकित्सकीय जांच कराना बेहद महत्वपूर्ण है। बीमारी के शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और किसी भी प्रकार की असामान्य परेशानी होने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। डॉ. शलभ अरोरा ने छात्राओं को यह भी समझाया कि स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना और समय-समय पर आवश्यक जांच कराना बीमारियों की पहचान में सहायक होता है। उन्होंने छात्राओं से कैंसर को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और सही चिकित्सकीय जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान उजाला हॉस्पिटल की मेडिकल टीम की ओर से छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। टीम ने छात्राओं का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और आंखों की जांच की। इस स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से छात्राओं को अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी मिली। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय ने मुख्य अतिथि डॉ. शलभ अरोरा एवं उजाला हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कैंसर के प्रति जागरूकता ही इसके बचाव और समय पर पहचान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विद्यार्थियों को स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशील बनाने के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करते हैं।कार्यक्रम में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वंदना सिंह, डॉ. रमा अरोरा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपा चनियाल, डॉ. गीता मेहरा, डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. रंजना, डॉ. ज्योति रावत, श्रीमती शीतल अरोरा, डॉ. ज्योति गोयल, श्रीमती प्राची धौलाखंडी एवं श्री विजेंद्र कुमार सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800


