

काशीपुर। काशीपुर में फ्लोर मिल की साझेदारी के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले में एक कारोबारी ने पार्टनर पर आठ करोड़ रुपये निवेश करने की शर्त पूरी न करने, पत्नी के सोने के जेवर वापस न करने और परिवार को धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर आईटीआई थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। काशीपुर निवासी पुष्प अग्रवाल पुत्र विनोद कुमार अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पारिवारिक फर्म हरिरोलर फ्लोर मिल्स में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए अमित अरोरा के साथ समझौता हुआ था। इसके तहत 31 जनवरी 2026 तक आठ करोड़ रुपये निवेश करने और तीन साल तक शेयर नहीं बेचने की शर्त रखी गई थी। आरोप है कि साझेदारी के बाद अमित अरोरा ने आर्थिक परेशानी का हवाला देकर शिकायतकर्ता की पत्नी के करीब 1.700 किलोग्राम सोने के जेवर बैंक में लोन के लिए ले लिए। इसके अलावा फर्म से भी रकम निकाली गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, सोना वापस मांगने पर लगातार टालमटोल की जाती रही। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि सोना छुड़ाने के नाम पर अगस्त में फर्म से करीब 1 करोड़ 72 लाख रुपये निकाले गए, लेकिन बैंक में केवल 4.90 ग्राम सोना ही वापस दिया गया। वहीं, फर्म के शेयर अन्य लोगों को बेचने का मामला भी सामने आया है। पुष्प अग्रवाल ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही उनकी पत्नी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से अश्लील वीडियो बनाकर बदनाम करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 318(4), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800


