





काशीपुर। जागृति पब्लिक स्कूल में दीपावली के पावन अवसर पर हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ दीपावली समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें कैंडल डेकोरेशन, दीया डेकोरेशन एवं रंगोली मेकिंग प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता एवं मेहनत का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने दीपावली के महत्व, परंपराओं एवं खुशियों को लेकर भाषण भी प्रस्तुत किए। इसके साथ ही बच्चों को सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें पटाखों से होने वाले नुकसान, आग से बचाव, सावधानियां बरतने तथा दीप जलाते समय बड़ों की देखरेख में रहने के बारे में भी जानकारी दी गई। रंगोली मेकिंग प्रतियोगिता में कक्षा 6 के ग्रुप-2 के अंश, आयुष, दिव्यांशु एवं श्रद्धा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 8 के ग्रुप-2 की सोनी, प्रियंका, अंजुम एवं तनु ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में दो समूहों ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिसमें कक्षा 6 के ग्रुप-1 की प्रियांशी, सोनाक्षी, अन्नू एवं दिव्या तथा हर्षित कुमार, लव, वैष्णवी एवं अंजलि शामिल रहे। वहीं कैंडल डेकोरेशन प्रतियोगिता में कक्षा 6 की अंजलि ने प्रथम, कक्षा 4 की गरिमा ने द्वितीय तथा कक्षा 4 की अनिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दीया डेकोरेशन प्रतियोगिता में कक्षा 3 की यशिका ने प्रथम, कक्षा 3 की यतिका ने द्वितीय तथा कक्षा 3 की आरवी ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। समारोह को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेताओं की घोषणा की गई तथा उन्हें उपहार प्रदान किए गए। इसके साथ ही विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों को भी विद्यालय की ओर से उपहार देकर दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती बबीता पंत ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देती हैं। कार्यक्रम का समापन सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देने और खुशियां बांटने के संदेश के साथ हुआ।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800

