काशीपुर के चैती मेला क्षेत्र में आयोजित स्वच्छता अभियान में वीएसवी पब्लिक जूनियर हाई स्कूल ने उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक सहभागिता निभाते हुए सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और क्षेत्र में सफाई कर स्वच्छता का संदेश आमजन तक पहुंचाया। बच्चों के उत्साह, अनुशासन और सेवा भाव ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया तथा समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया।
इस स्वच्छता अभियान में काशीपुर वासियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं का भी अभूतपूर्व सहयोग देखने को मिला। पूरे अभियान के दौरान स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, लोगों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के प्रति जागरूक किया गया। वीएसवी पब्लिक जूनियर हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने हाथों में सफाई उपकरण लेकर न केवल क्षेत्र की सफाई की, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश भी दिया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल अनीता कोलिन्स तथा मैनेजर एस.पी. गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे जीवन शैली का हिस्सा बनाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक सेवा की भावना विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों ने जिस जिम्मेदारी और उत्साह के साथ इस अभियान में सहभागिता निभाई, उससे काशीपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प और अधिक मजबूत हुआ है। विद्यालय प्रबंधन ने यह भी कहा कि वीएसवी पब्लिक जूनियर हाई स्कूल भविष्य में भी ऐसे सामाजिक ओर जनजागरूकता अभियानों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को सामाजिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के प्रति जागरूक करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालय की इस सहभागिता की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक पहल बताया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



