
काशीपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपदभर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को काशीपुर के मोहल्ला कटोराताल क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह के नेतृत्व में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कटोराताल क्षेत्र की छह खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का गहनता से परीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने तथा साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान तीन प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। इनमें गुर्जर डेरी से देसी घी का नमूना, आदिल कन्फेक्शनरी से जवे (सेवई) का नमूना तथा कटोराताल स्थित एक अन्य दुकान से बेसन का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को विधिवत सीलबंद कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी नमूने में मिलावट अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले में समय-समय पर निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



