
काशीपुर। काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक त्रिलोक सिंह चीमा को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय की माननीय प्रबंध परिषद (Board of Management) का सदस्य मनोनीत किया गया है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप द्वारा भेजे गए शुभकामना पत्र में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा का प्रबंध परिषद में स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया गया कि कृषि, किसान कल्याण एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव का लाभ विश्वविद्यालय को मिलेगा। साथ ही उनके मार्गदर्शन एवं सकारात्मक सुझावों से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध तथा प्रसार गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी। इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य सरकार जनप्रतिनिधियों को कृषि एवं शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में योगदान देने का अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ किसानों, विद्यार्थियों एवं कृषि शिक्षा के हित में समर्पित भाव से कार्य करने का महत्वपूर्ण अवसर है। विधायक चीमा ने उत्तराखंड सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन का भी धन्यवाद देते हुए भरोसा दिलाया कि वे विश्वविद्यालय की प्रगति, कृषि अनुसंधान, नवाचार तथा किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रबंध परिषद के सदस्य के रूप में सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।
विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के प्रबंध परिषद के सदस्य मनोनीत होने पर क्षेत्रवासियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



