





काशीपुर। द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर के छात्र-छात्राओं ने CBSE क्लस्टर एथलेटिक्स एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। विद्यालय प्रशासन ने प्रेस वार्ता के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि छात्रों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का शानदार परिचय दिया। विद्यालय के अनुसार CBSE क्लस्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन रुद्र इंटरनेशनल स्कूल, मेरठ में किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों के लगभग 2000 से 2500 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल की छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा आराध्या पोखरियाल ने 100 मीटर दौड़ की अपनी हीट में प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार शुरुआत की। इसके साथ ही उन्होंने लंबी कूद स्पर्धा में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं दर्शिका चौधरी ने 200 मीटर दौड़ की अपनी हीट में द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा 400 मीटर दौड़ में लगभग 50 प्रतिभागियों के बीच प्रभावशाली प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अलावा छात्रा मीमांसा ने हाई जंप स्पर्धा में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए सराहनीय प्रदर्शन किया।
इसी क्रम में CBSE क्लस्टर अंडर-14 बालक बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन राधा गोविंद पब्लिक स्कूल, मेरठ में हुआ, जिसमें देशभर से लगभग 700 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल की ओर से रुद्राक्ष छाबड़ा एवं स्वर्णिम शर्मा ने अंडर-14 बालक वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा और उन्हें अपने मुकाबले रात्रि 2:00 बजे तथा प्रातः 3:00 बजे खेलने पड़े। इसके बावजूद दोनों खिलाड़ियों ने अद्भुत आत्मविश्वास, धैर्य और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की और विद्यालय का नाम रोशन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर रुद्राक्ष छाबड़ा एवं स्वर्णिम शर्मा दोनों का चयन डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन चैंपियनशिप (बालक वर्ग) के लिए हुआ है, जो विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय ने कहा कि छात्र-छात्राओं ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, समर्पण, उत्कृष्ट खेल कौशल एवं खेल भावना का परिचय देकर यह सिद्ध किया है कि द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विद्यालय ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग को भी दिया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
