Screenshot_20260731_142715_WhatsApp

विद्यार्थियों की प्रतिभा, उपलब्धियों और विद्यालय की रचनात्मक गतिविधियों का शंखनाद

काशीपुर समर स्टडी हॉल द्वारा प्रकाशित त्रैमासिक विद्यालय पत्रिका ‘समर शंख’ का प्रथम अंक गरिमामय वातावरण तथा विद्यालय के डायरेक्टर अनुराग कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में लोकार्पित किया गया।
‘समर शंख’ के प्रथम अंक में विद्यालय की शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों का विस्तृत विवरण, विद्यार्थियों की साहित्यिक एवं रचनात्मक अभिव्यक्तियाँ, विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्राप्त उपलब्धियाँ, शैक्षणिक भ्रमण (स्कूल ट्रिप) की झलकियाँ, बोर्ड परीक्षाओं के उत्कृष्ट परिणाम तथा विद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया है।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि इस पत्रिका का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, सृजनात्मकता और विचारों को अभिव्यक्त करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है। साथ ही विद्यालय की उपलब्धियों एवं गतिविधियों को अभिभावकों और समाज तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
विद्यालय की अध्यक्षा श्रीमती मुक्ता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ‘समर शंख’ केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों, परिश्रम, रचनात्मक सोच और उपलब्धियों का दर्पण है। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अनुज भाटिया ने पत्रिका के सफल प्रकाशन पर विद्यालय के डायरेक्टर अनुराग कुमार सिंह का आभार प्रकट करते हुए संपादकीय मंडल के विद्यार्थियों अदिति वर्मा,अनुष्का, प्रिया माटा, श्रद्धा अधिकारी, कशिश शर्मा शर्मा , रिद्धि रिखारी ,मनकीरत कौर, इशिका कंडारी को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह पत्रिका आने वाले समय में विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं और उपलब्धियों को नई पहचान दिलाएगी।
‘समर शंख’ के प्रथम अंक में हमारे विद्यालय समर स्टडी हाल की शिक्षा संस्कार और सफलता की‌ झलक है। हमारा लक्ष्य सिर्फ किताबी ज्ञान न देकर सम्पूर्ण व्यक्तित्व का विकास करना है। शिक्षा वह शंखनाद है जो बच्चे को भविष्य के लिए एक नई दिशा देती है। विद्यालय परिवार ने इसे विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!