
एक अस्पताल का पंजीकरण रद्द, ऑपरेशन थिएटर सील; चार को नोटिस और दो पर चालान
काशीपुर। मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले निजी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। एसडीएमओ डॉ. एसी पांडे के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने काशीपुर क्षेत्र के छह निजी चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर एक अस्पताल का पंजीकरण प्रमाणपत्र तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए उसके ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया गया। साथ ही अग्रिम आदेशों तक अस्पताल को बंद रखने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, मानकों और पंजीकरण संबंधी दस्तावेजों की जांच की। अधिकारियों के अनुसार, मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
विभाग की ओर से गंगा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, मस्जिद रोड, डॉ. उस्मान पाइल्स क्लीनिक, नवीन अनाज मंडी रोड, सरवरखेड़ा, एसके हॉस्पिटल तथा अनमोल हॉस्पिटल को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा गुरुकुल हेल्थ केयर और ग्लेक्सी हॉस्पिटल का चालान किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा और निर्धारित चिकित्सा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि मानकों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम में गोपाल आर्य, अभिषेक और विजय राठौर मौजूद रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
