IMG-20260921-WA0055

काशीपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण मुक्त परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से काशीपुर में जीरो एमिशन साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में गुरुकुल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए लोगों को स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। रैली के दौरान साइकिल एवं पैदल मार्च के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। जीरो एमिशन साइकिल रैली का शुभारंभ नगर निगम परिसर से हुआ। यहां से छात्र-छात्राएं साइकिलों के साथ रैली में शामिल हुए और विभिन्न मार्गों से होते हुए महाराणा प्रताप चौक पहुंचे। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए। नगर निगम की ओर से भी कार्यक्रम में सहभागिता की गई। रैली के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि दैनिक जीवन में छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। विशेष रूप से छोटी दूरी के लिए साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। आयोजकों ने कहा कि वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए पर्यावरण अनुकूल परिवहन के विकल्पों को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर नगर निगम के महापौर दीपक बाली ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और उसे व्यवहार में उतारने के लिए प्रेरित करते हैं। साइकिल चलाना न केवल प्रदूषण को कम करने में सहायक है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऐसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचता है। विद्यार्थियों के माध्यम से परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जा सकता है। रैली में शामिल गुरुकुल के छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने साइकिल चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से प्रदूषण कम करने के लिए अधिक से अधिक पर्यावरण अनुकूल साधनों को अपनाने की अपील की। पैदल रैली के माध्यम से भी लोगों को स्वच्छता, हरित पर्यावरण और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूक किया गया कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, गुरुकुल के छात्र-छात्राएं तथा अन्य लोग मौजूद रहे। रैली के समापन पर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन को लेकर सामूहिक रूप से जागरूकता का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *