Screenshot_20260922_193200_WhatsApp

23 सितंबर को गोविषाण हेरिटेज में होगा ‘वरिष्ठ जन वंदन एवं प्रतिभा अभिनंदन समारोह-2026’

काशीपुर। कुमाऊं वैश्य महासभा (पंजीकृत) की ओर से आयोजित होने वाले ‘वरिष्ठ जन वंदन एवं प्रतिभा अभिनंदन समारोह-2026’ को लेकर मंगलवार को काशीपुर रामलीला ग्राउंड में वैश्य समाज के पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी। पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह का आयोजन 23 सितंबर 2026, बुधवार को शाम पांच बजे से गोविषाण हेरिटेज, बाजपुर रोड, काशीपुर में किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में बताया गया कि समारोह में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नरेश बंसल तथा कार्यक्रमाध्यक्ष समाजसेवी एवं उद्योगपति योगेश जिंदल रहेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य वैश्य समाज के वरिष्ठ जनों का सम्मान करने के साथ ही समाज की प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करना और वैश्य परिवारों के बीच आपसी एकता एवं सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना है।
महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह में वैश्य समाज की विभिन्न शाखाओं, जिनमें अग्रवाल, गुप्ता, वार्ष्णेय, रस्तौगी, जैन, माहेश्वरी, कुमारतनय, बिश्नोई, साहू सहित अन्य वैश्य समाज के परिवार शामिल हैं, के 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ जनों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्तराखंड बोर्ड से 75 प्रतिशत या उससे अधिक तथा सीबीएसई से 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का भी अभिनंदन किया जाएगा। इसके लिए पात्र वरिष्ठ जनों एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के पंजीकरण की अपील की गई है।
पदाधिकारियों ने वैश्य समाज के परिवारों से अपील की कि वे अपने आसपास रहने वाले वैश्य परिवारों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित करें और सपरिवार समारोह में पहुंचकर इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ जन अनुभव और मार्गदर्शन की धरोहर हैं, जबकि प्रतिभाशाली विद्यार्थी समाज और राष्ट्र के भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। दोनों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में ओजस्वी वक्ताओं द्वारा सामाजिक एकता, समाज की भूमिका और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर विचार भी रखे जाएंगे।
पत्रकार वार्ता के दौरान महासभा की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन में अध्यक्ष महेंद्र प्रताप गुप्ता, महामंत्री कपिल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष के.सी. बंसल, संयोजक आशीष गुप्ता एवं सह-संयोजक प्रियांशु बंसल समेत वैश्य समाज की महिला, युवा एवं अन्य शाखाओं के पदाधिकारी सहयोग कर रहे हैं।
पंजीकरण एवं कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए 94103 10353, 98370 80678 एवं 88990 45015 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। अगले माह महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा भी होगी
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी महाराजा श्री अग्रसेन जी की शोभायात्रा 13 अक्टूबर 2026, मंगलवार को निकाली जाएगी। शोभायात्रा किला स्ट्रीट से प्रारंभ होकर श्री रामलीला मैदान तक पहुंचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *