November 4, 2026
IMG-20261104-WA0010

काशीपुर। उत्तराखंड कांग्रेस किसान मोर्चा की प्रदेश प्रभारी शीतल मान अपने पहले दौरे पर काशीपुर पहुंचीं। किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष परम सिद्धू के प्रतिष्ठान पर आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने संगठन की आगामी रणनीति और किसान हित में चलाए जाने वाले अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका दौरा केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं है, बल्कि आगामी चुनाव संपन्न होने तक वह उत्तराखंड में ही रहकर किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगी। शीतल मान ने कहा कि उत्तराखंड के किसानों की समस्याओं को समझने और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने के लिए कांग्रेस किसान मोर्चा जमीनी स्तर पर अभियान चलाएगा। इसके तहत प्रदेश के सभी 13 जिलों में विशाल किसान अधिकार यात्रा निकाली जाएगी। इसमें किसान, युवा और महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल होंगे। यात्रा का उद्देश्य गांव के अंतिम छोर पर रहने वाले किसान की समस्याओं को सरकार और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाना है। उन्होंने दूसरे अभियान के तहत किसान संवाद चौपाल आयोजित करने की घोषणा की। इसके अंतर्गत प्रत्येक गांव में 25 से 50 किसानों के साथ छोटी-छोटी चौपालें लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि वह किसानों को अपना भाषण सुनाने नहीं, बल्कि उनकी समस्याएं और उनका दर्द सुनने आई हैं। उत्तराखंड हो या हरियाणा, किसानों की परेशानियां लगभग एक जैसी हैं। इसलिए उनकी समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में काम करना जरूरी है। तीसरे अभियान के तहत महिला किसानों और महिला मजदूरों को संगठन से जोड़ने के लिए उनका पंजीकरण शुरू किया जाएगा। शीतल मान ने कहा कि खेती-किसानी से लेकर घर-परिवार की जिम्मेदारियों तक महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन उनकी समस्याओं और योगदान को अक्सर उचित स्थान नहीं मिल पाता। इसी को ध्यान में रखते हुए महिला किसानों और महिला मजदूरों का पंजीकरण शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत काशीपुर से ही कर दी गई है, ताकि महिलाओं की समस्याओं और सुझावों को कांग्रेस के आगामी चुनावी घोषणापत्र में प्राथमिकता के साथ शामिल किया जा सके।
शीतल मान ने कहा कि कांग्रेस किसान मोर्चा का लक्ष्य किसानों, मजदूरों और ग्रामीण महिलाओं की वास्तविक समस्याओं को समझकर उन्हें संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाना है। इसके लिए प्रदेशभर में लगातार जनसंपर्क और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रेसवार्ता में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा प्रदेश प्रभारी द्वारा घोषित आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!