November 4, 2026
IMG-20261104-WA0024

जसपुर खुर्द रोड स्थित प्रतिष्ठान पर अधिकारियों ने किया औचक निरीक्षण, जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी वैधानिक कार्रवाई

काशीपुर। आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट खोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में कुमाऊं मंडल के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने काशीपुर के जसपुर खुर्द रोड स्थित नबी हसन के प्रतिष्ठान कुमाऊं स्वीट्स पर औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए चार मिठाइयों के नमूने एकत्रित किए। कार्रवाई के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन कुमाऊँ मंडल ए के फूलेरिया सहायक आयुक्त ललित मोहन पांडे और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा सहित विभागीय टीम प्रतिष्ठान पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान में उपलब्ध मिठाइयों का निरीक्षण किया और उनकी गुणवत्ता की जांच के उद्देश्य से अलग-अलग मिठाइयों के नमूने लिए। टीम ने मौके से कलाकंद, पिस्ता बर्फी, बालूशाही और सोनपापड़ी के कुल चार सैंपल एकत्रित किए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित मिठाइयां खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के अनुरूप हैं या नहीं। यदि जांच में किसी प्रकार की मिलावट अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई को त्योहारों और बाजार में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दुकानदार उपभोक्ताओं को निर्धारित गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ ही उपलब्ध कराएं और खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें इस औचक निरीक्षण के बाद क्षेत्र के अन्य मिष्ठान विक्रेताओं में भी हलचल देखी जा रही है। विभागीय कार्रवाई से व्यापारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के प्रति सतर्क रहने का संदेश मिला है। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल चारों नमूनों की रिपोर्ट आने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!