November 9, 2026
Screenshot_20261109_150137_WhatsApp

छोटे नीम स्मारक पर जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीदों को किया नमन, मिष्ठान वितरण कर स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं

काशीपुर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पुरानी सब्जी मंडी स्थित छोटे नीम स्मारक पर एकत्र हुए। यहां सभी ने राज्य आंदोलन के दौरान अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले आंदोलनकारियों और शहीदों को पुष्प अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन लंबे संघर्ष और आंदोलनकारियों की कुर्बानियों का परिणाम है। राज्य निर्माण के लिए अनेक लोगों ने अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि आज यह चिंतन करने की आवश्यकता है कि क्या उत्तराखंड अपने आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के जल, जंगल और जमीन से जुड़े संसाधनों का संरक्षण नहीं हो पा रहा है। राज्य की मूल भावनाओं और शहीदों के सपनों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अनुपम शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान जिन लोगों ने अलग राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष और बलिदान दिया, उनकी अपेक्षा थी कि प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, पलायन रुकेगा और प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों का अधिकार सुरक्षित रहेगा। लेकिन आज प्रदेश की प्राकृतिक संपदा पर माफियाओं के बढ़ते प्रभाव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करना होगा। इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुशील गुड़िया, विमल गुड़िया, जितेंद्र सरस्वती, सुरेंद्र बाटला, मंसूर अली मंसूरी, टीका सिंह सैनी, चक्रेश जैन, हरदेव सिंह, शरीम सैफी, हैरी, पंकज पंत, मोहम्मद सैफ, अनीश अंसारी, परम सिद्धू, कुलदीप सिंह ऐरी, विनोद होंडा, सलमान अली, सुभाष चंद्र, हनीफ गुड्डू, साबिर हुसैन, जगदीश पाल, दीपक गुप्ता, ठाकुर अनिल सिंह, सुंदरलाल पाल, मंसूर मेफेयर, राकेश भगत और रवि पपने सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही राज्य आंदोलन के शहीदों के आदर्शों पर चलने और प्रदेश के विकास, सामाजिक एकता तथा जनहित के मुद्दों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!