November 24, 2026

काशीपुर। शादी में परोसने के लिए लाये गये 20 किलो गौमांस को गौ संरक्षण स्क्वायड, किच्छा की टीम ने पकड़ लिया। मामले में आईटीआई थाना पुलिस ने तीन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौ संरक्षण स्क्वायड, किच्छा प्रभारी एसआई प्रवीण सिंह ने बताया कि मंगलवार को वह हेड कांस्टेबल दीवान नाथ, प्रमोद कुमार, कांस्टेबल राज कुमार व नीरज कुमार के साथ पैगा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे कि ग्राम शिवलालपुर पहुंचने पर मुखबिर ने सूचना दी कि आज ग्राम गुलड़िया में पीपल के पेड़ के उस पार दो मकानों के बीच में खाली प्लाट में शादी की पार्टी चल रही है, जहां दावत में गाय का मांस काटा जा रहा है। उन्होंने इसकी सूचना पैगा चौकी प्रभारी को दी, जिस पर पैगा चौकी प्रभारी दीवान सिंह बिष्ट कांस्टेबल सुरेश चंद्र के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर गई तो देखा कि तालाब के बगल में दो मकानों के बीच में शादी के लिए खाना तैयार हो रहा था। सामने खाली खेत में टैन्ट लगा था। एक लाल रंग के टब में 3 व्यक्ति छुरी व सूजे से मांस काट व धो रहे थे जो पुलिस टीम को देखते ही पीछे की तरफ मौहल्ले में भाग गये।
कांस्टेबल सुरेश चन्द्र, राजकुमार तथा हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार ने तीनों व्यक्तियों को पहचान कर बताया कि भागे हुए तीनों व्यक्ति रियासत पुत्र शहादत निवासी ग्राम गुलड़िया तथा फरीदनगर, ठाकुरद्वारा निवासी इस्तकार पुत्र सगीर और युसूफ हैं। जिन्हें वे पूर्व से पहचानते हैं। बरामद गौ मांस को सरकारी वाहन में रखे इलेक्ट्रॉनिक तराजू में तोलने पर गौ मांस का वजन करीब 20 किलो निकला। मौके पर मौजूद मुन्नू शाह ने पूछताछ करने पर बताया कि आज यहां रियासत प्रधान के भांजे की शादी थी। रियासत का भांजा बचपन से रियासत के साथ रहता है। शादी व पार्टी रियासत प्रधान के द्वारा की गयी। इसके पश्चात पशु चिकित्साधिकारी मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे और बरामद मांस का निरीक्षण कर बताया कि उक्त मांस गौ वंशीय पशु का है। एसआई प्रवीण सिंह की तहरीर के आधार पर आईटीआई थाना पुलिस ने उक्त तीन लोगों के खिलाफ उत्ताराखंड गौ संतान संरक्षण अधिनियम 2007 की धारा 11(1), 3, 5 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई शंकर सिंह बिष्ट के सुपुर्द की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!