





काशीपुर महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पूजा सिंह ने महिलाओं को राजनीति में समान भागीदारी दिलाने की मांग को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस द्वारा विधानसभा घेराव कर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की जोरदार मांग उठाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भागीदारी निभाई और सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। पूजा सिंह ने कहा कि पहले भी संसद से महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बाद भी भाजपा सरकार इसे धरातल पर लागू करने में गंभीरता नहीं दिखा रही है। महिलाओं को केवल आश्वासन देना और चुनावी मुद्दा बनाना भाजपा की नीति बन गई है, जबकि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही महिलाओं को राजनीतिक रूप से मजबूत करने और उन्हें उचित प्रतिनिधित्व देने के पक्ष में रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय नेतृत्व ने भी 2024 के आम चुनावों से पहले महिला आरक्षण लागू करने की मांग उठाई थी, लेकिन केंद्र सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पूजा सिंह ने राज्य सरकार से भी मांग की कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने वाला विधेयक विधानसभा में पारित कराया जाए, ताकि प्रदेश की महिलाएं भी निर्णय लेने वाली राजनीति में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद आवश्यक है। यदि महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलेगा, तो समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा और लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा। महिला कांग्रेस महिलाओं के हक और सम्मान की इस लड़ाई को निरंतर मजबूती के साथ आगे बढ़ाती रहेगी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800

