Screenshot_20260711_092249_WhatsApp

काशीपुर। जसपुर-काशीपुर हाईवे पर थार एवं स्कॉर्पियो वाहनों के काफिले द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने के मामले में काशीपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के निर्देश पर पुलिस ने संबंधित वाहनों और चालकों की पहचान कर उन्हें कोतवाली बुलाया। पुलिस ने सभी संबंधित वाहनों को कब्जे में लेकर वाहन चालकों से भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने का लिखित माफीनामा लिया। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत सभी के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में स्टंटबाजी, रेसिंग, ओवरस्पीडिंग अथवा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को जसपुर-काशीपुर हाईवे पर कुछ युवक थार और स्कॉर्पियो वाहनों से झुंड बनाकर चल रहे थे, जिससे यातायात बाधित होने के साथ सड़क सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस की अपील

काशीपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कुछ क्षणों का रोमांच किसी की जान जोखिम में डाल सकता है। सभी वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें, स्टंटबाजी, ओवरस्पीडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें तथा अपनी और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!