
काशीपुर। कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर सोसाइटी (रजि.), काशीपुर की नई त्रिवर्षीय कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सोसाइटी के चार पदाधिकारियों एवं सात कार्यकारिणी सदस्यों के निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएगी। चुनाव से जुड़ी सभी औपचारिकताएं श्री रामलीला ग्राउंड, काशीपुर में आयोजित होंगी। सोसाइटी में कुल 409 मतदाता पंजीकृत हैं, जो अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई कार्यकारिणी का चयन करेंगे। चुनाव को लेकर दवा व्यापारियों में उत्साह का माहौल है और चुनावी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के लिए स्पष्ट पात्रता निर्धारित की गई है। पदाधिकारी पद के लिए चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी के नाम अथवा उसकी फर्म के नाम पर जारी कम से कम 10 वर्ष पुराना एवं वैध (नवीनीकृत) ड्रग लाइसेंस होना अनिवार्य होगा। वहीं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए प्रत्याशी के नाम अथवा उसकी फर्म के नाम पर कम से कम 5 वर्ष पुराना एवं वैध (नवीनीकृत) ड्रग लाइसेंस होना आवश्यक है। निर्धारित योग्यता पूरी नहीं करने वाले प्रत्याशियों के नामांकन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
चुनाव कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 जुलाई 2026 (शनिवार) को प्रातः 9:00 बजे से 11:00 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी।
इसके बाद 19 जुलाई 2026 (रविवार) को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। उसी दिन दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी।
जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद सायं 5:00 बजे प्रत्याशियों की प्रारंभिक (अस्थायी) सूची प्रकाशित की जाएगी।
20 जुलाई 2026 (सोमवार) को सायं 3:00 बजे से 5:00 बजे तक नामांकन वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है। नाम वापसी के बाद सायं 6:00 बजे अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी।
26 जुलाई को मतदान और उसी दिन मतगणना
मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुसार 26 जुलाई 2026 (रविवार) को प्रातः 9:00 बजे से सायं 3:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद सायं 4:00 बजे से मतगणना शुरू होगी, जो परिणाम घोषित होने तक लगातार जारी रहेगी।
तीन मतदान कक्षों में होगी मतदान व्यवस्था
मतदान प्रक्रिया को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने के लिए 409 मतदाताओं को तीन अलग-अलग मतदान कक्षों में विभाजित किया गया है।
प्रथम कक्ष: मतदाता क्रमांक 1 से 144
द्वितीय कक्ष: मतदाता क्रमांक 145 से 288
तृतीय कक्ष: मतदाता क्रमांक 289 से 409
मुख्य चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक मतदाता को मतदान के समय अपना आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र के बिना मतदान की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी का निर्णय होगा अंतिम
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव संबंधी समस्त प्रक्रिया प्रशासन के सहयोग एवं मार्गदर्शन में संपन्न कराई जाएगी। चुनाव के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति अथवा विवाद के संबंध में आवश्यक निर्णय लेने का पूर्ण अधिकार मुख्य चुनाव अधिकारी के पास होगा और उनके द्वारा लिया गया निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। उन्होंने सोसाइटी के सभी सम्मानित सदस्यों से निर्धारित तिथि, समय और अपने निर्धारित मतदान कक्ष के अनुसार उपस्थित होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित कराने में सहयोग करें, ताकि सोसाइटी को एक मजबूत, सक्षम और सर्वसम्मत नई कार्यकारिणी मिल सके।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
