Screenshot_20260807_135502_WhatsAppBusiness

काशीपुर। आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे की प्रस्तावित महारैली को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने दावा किया कि यह महारैली ऐतिहासिक होगी और काशीपुर विधानसभा क्षेत्र से दो दर्जन से अधिक बसों में सवार होकर कांग्रेस कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। अलका पाल ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान पलायन, बेरोजगारी, खनन माफियाओं का बढ़ता प्रभाव, कानून-व्यवस्था, पेपर लीक और भर्ती घोटालों जैसे मुद्दों को लेकर जनता में व्यापक असंतोष है। उन्होंने कहा कि इन्हीं जनसरोकारों को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे हल्द्वानी की जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें कुमाऊं सहित पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि महारैली में उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य करन माहरा, पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी समेत प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। अलका पाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है और बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की महारैली प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण संदेश देगी तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!