
हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। खरगे के हल्द्वानी के पहले दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह है। पार्टी ने इस जनसभा को आगामी चुनावों की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसे कुमाऊं की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत करार दिया है। कांग्रेस का दावा है कि खरगे की यह जनसभा केवल नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र में पार्टी के लिए राजनीतिक माहौल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पार्टी नेताओं के मुताबिक जनसभा के माध्यम से कांग्रेस केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के साथ-साथ स्थानीय मुद्दों को भी प्रमुखता से जनता के सामने रखेगी। खरगे के दौरे को लेकर रामलीला मैदान में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कांग्रेस की ओर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जनसभा में पहुंचने की संभावना जताई गई है। पार्टी का अनुमान है कि करीब 20 हजार लोग जनसभा में शामिल हो सकते हैं। भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर बैठने, मंच, प्रवेश और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
प्रदेश प्रभारी ने लिया तैयारियों का जायजा
रैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने शुक्रवार शाम रामलीला मैदान पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने मंच, सभा स्थल, कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश मार्ग तथा अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया।
कुमाऊं में संगठन को मजबूत करने पर जोर
कांग्रेस नेतृत्व इस जनसभा को कुमाऊं में संगठन को और मजबूत करने के अवसर के रूप में देख रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संबोधन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर पार्टी की रणनीति को मजबूती मिलेगी।
हल्द्वानी में होने वाली इस जनसभा को लेकर नैनीताल, ऊधम सिंह नगर समेत कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने की तैयारी है। स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने भी अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों से जनसभा में शामिल होने की अपील की है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
