Screenshot_20231003_181429_Samsung-Internet.jpg

काशीपुर। क्रिकेट मैच देखकर लौट रहे युवकों से बाइक सवारों ने मारपीट कर दी। इसके बाद एक युवक को आरोपी अपने घर ले गये और दोबारा मारपीट की गई। बेहोश होने पर आरोपी मौके से फरार हो गये। पुलिस ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेडा पांडेय निवासी सतीश कुमार पुत्र अशोक कुमार ने पैगा चौकी पुलिस को तहरीर सौंपी। उन्होंने कहा कि 27 मई को रात नौ बजे वह अपने साथी विपिन और सोनू के साथ बांसखेड़ा में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट देखने गया था। जहां ताहिर, विशाल, अमित उर्फ गोलू, आकाश उर्फ अक्की, मनोज, आशीष निवासी फसियापुरा भी मैच देख रहे थे। बताया कि किसी बात को लेकर दो पक्षों का आपस में बाद विवाद हो गया। जिसके बाद तीनों युवक अपनी गाड़ी लेकर हाईवे होते हुऐ वापस आने लगे। आरोप है कि जैसे ही वे लोग बांसखेड़ा ओवरब्रिज पर पहुंचे तो आरोपियों ने गाड़ी रुकवाकर उन्हें नीचे उतार दिया और लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। बताया कि विपिन और सोनू अपनी जान बचाकर भाग गए लेकिन आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और फसियापुरा ले गए। यहां आरोपियों ने दोबारा उसके साथ मारपीट की । जिससे वह बेहोश हो गया। बेहोश होने पर आरोपी फरार हो गये। कुछ लोग उसे होश में आने के बाद पैगा चौकी ले गये। जहां से पुलिस इलाज के लिये उसे सरकारी अस्पताल ले गई। आईटीआई थाना प्रभारी कुंदन सिंह रौतेला ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!